नयी दिल्ली , जून 16 -- आम आदमी पार्टी(आप) ने ओ-जोन में बनी सालों पुरानी कॉलोनियों को टूटने से बचाने के लिए मंगलवार को हस्ताक्षर अभियान शुरू किया।
आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि दिल्ली में जब से ईडी पार्टी की सरकार बनी है और इनके पास केंद्र, राज्य, निगम और उपराज्यपाल की तमाम शक्तियां आयी हैं, तब से इनकी सत्ता पर अंकुश लगाने वाला कोई नहीं बचा है। पुलिस, निगम , डीडीए और फ्लड डिपार्टमेंट सहित सब कुछ इन्हीं का हो गया है। पूरी तरह से सरकार की गुंडागर्दी चल रही है।
श्री भारद्वाज ने याद दिलाया कि ओ-जोन से पहले झुग्गी-झोपड़ियों पर बुलडोजर चले और लाखों लोगों को बेघर किया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रोज कहती थीं कि किसी झुग्गी को नहीं तोड़ा जायेगा और अगले ही दिन बुलडोजर चल जाता था। रेखा गुप्ता के अपने क्षेत्र शालीमार बाग के गांव में पांच-पांच मंजिला घरों पर बुलडोजर चलाया गया। अनधिकृत कॉलोनियों में लगातार बुलडोजर चल रहा है।
आप नेता ने कहा कि अब ओ-जोन में जहां लोग पांच दशकों यानी 50-50 सालों से रह रहे हैं, वहां बुलडोजर चलाया जा रहा है। इतनी सरकारें आयी और गयी, लेकिन कभी किसी ने ओ-जोन के मकानों पर बुलडोजर नहीं चलाया। बेशर्मी यह है कि सरकार और मुख्यमंत्री रोज आकर कहती हैं कि कोई कार्रवाई नहीं हो रही है, जबकि रोज कार्रवाई हो रही है।
श्री भारद्वाज ने कहा कि आज से आम आदमी पार्टी एक हस्ताक्षर अभियान शुरू कर रही है। पार्टी के कार्यकर्ता, विधायक, पार्षद और नेता ओ-जोन की कॉलोनियों में घर-घर और गली-गली जाकर हस्ताक्षर अभियान चलायेंगे, जिसका मकसद है कि संसद में कानून बने। मौखिक बयानबाजी से कोई हल नहीं निकल रहा है और लगातार डेमोलिशन चल रहा है। ईडी पार्टी की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी या मनोज तिवारी की जुबान की कोई कीमत नहीं है।
"आप" के वरिष्ठ नेता एवं बुराड़ी विधायक संजीव झा ने कहा कि ओ-जोन के नाम पर पूरी दिल्ली की लगभग 91 कॉलोनियों में लोगों की नींद हराम है। ईडी पार्टी के लोग लगातार झूठ परोस रहे हैं, चाहे उनके सांसद हों, मंत्री हों या मुख्यमंत्री। दिल्ली वालों को सब समझ में आ रहा है कि इनकी चार इंजन की सरकार है। अगर ये चाहें तो एक भी घर न टूटे, लेकिन ये चाहते हैं कि ओ-जोन में रहने वाले सभी लोगों को उजाड़ दिया जाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित