मोहाली , अप्रैल 25 -- पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने शनिवार को कहा कि जो पार्टी कभी ईमानदारी का दावा करती थी, आज वह अंदरूनी तौर पर बिखर चुकी है और अपने ही नेताओं व कार्यकर्ताओं को व्यवस्थित तरीके से किनारे किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं, जबकि नेताओं को बाहर का रास्ता दिखाया जा रहा है।

उन्होंने 'आप पार्टी' पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब की राजनीति को टिकट बेचकर दूषित किया गया है। श्री सिद्धू के अनुसार, फैसले पैसे के बल पर लिए जा रहे हैं और वर्षों तक पार्टी की सेवा करने वालों को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे संगठन में व्यापक असंतोष है।

बिजली के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए श्री सिद्धू ने कहा कि सत्ता में आने से पहले "मुफ्त बिजली" के बड़े-बड़े वादे करने वाली पार्टी जनता को कोई ठोस राहत देने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि लोग लगातार बिजली कटौती और बढ़े हुए बिलों से परेशान हैं, जो सरकार के वादाखिलाफी का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि सरकार बिजली क्षेत्र के प्रबंधन में पूरी तरह विफल रही है और उसकी नीतियां जनविरोधी साबित हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल प्रचार और खोखले वादों पर चल रही है, जबकि जमीनी स्तर पर प्रदर्शन कमजोर है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब सब कुछ समझ चुकी है और आने वाले समय में इस "असफल" सरकार को करारा जवाब देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित