संगरूर , नवंबर 04 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के गृह जिले संगरूर के फगुवाला में बुधवार को आयोजित कांग्रेस की 'इंसाफ रैली' में उमड़ी भारी भीड़ के साथ पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया।

रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए राज्य में नशे की समस्या, गिरोहबंदी, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर सवाल उठाए।

कांग्रेस नेताओं ने पंजाब की राजनीतिक स्वायत्तता का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि राज्य सरकार दिल्ली के निर्देशों पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि पंजाब में ऐसी सरकार की जरूरत है, जो राज्य के लोगों की आकांक्षाओं के अनुरूप काम करे और जनता के प्रति जवाबदेह हो।

रैली में कांग्रेस ने सत्ता में आने पर कानून-व्यवस्था बहाल करने, नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने, रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन देने का संकल्प दोहराया।

रैली स्थल पर बड़ी संख्या में समर्थक पहुंचे। क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से बसों और कारों के काफिले के जरिए कार्यकर्ता और समर्थक रैली में शामिल हुए। कांग्रेस ने इसे मालवा क्षेत्र में अपनी ताकत के प्रदर्शन के रूप में पेश किया।

रैली की तैयारियों और कार्यकर्ताओं को जुटाने में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं पंजाब कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन एवं समन्वय समिति के अध्यक्ष विजय इंदर सिंगला की अहम् भूमिका रही। उन्होंने वरिष्ठ नेताओं, जिला पदाधिकारियों और जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय कर रैली की तैयारियों को अंतिम रूप दिया।

कांग्रेस ने रैली को 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित