बलाचौर , सितंबर 12 -- ) शिरोमणि अकाली दल (शिअद) अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने शनिवार को पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान दिन में 12 घंटे बिजली आपूर्ति के अपने वादे का जवाब दें।

उन्होंने दावा किया कि पंजाब में लोग रोजाना करीब 10 घंटे बिजली कटौती झेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिअद की अगली सरकार पंजाब को फिर बिजली अधिशेष राज्य बनाएगी। 'पंजाब बचाओ' अभियान के तहत बलाचौर में आयोजित सम्मेलन में श्री बादल ने कंडी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अलग कंडी विकास मंत्रालय बनाने तथा पठानकोट से रोपड़ तक चार लेन एक्सप्रेसवे बनाने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि कंडी क्षेत्र में सिंचाई के लिए गहरे नलकूप लगाए जाएंगे तथा कंडी नहर की सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के साथ टपक सिंचाई और भूमिगत पाइपलाइन के जरिए हर खेत तक पानी पहुंचाया जाएगा। उन्होंने नवांशहर में मेडिकल कॉलेज और बलाचौर में पशु चिकित्सा कॉलेज स्थापित करने का भी वादा किया।

श्री बादल ने आम आदमी पार्टी सरकार पर भ्रष्टाचार और राज्य के संसाधनों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि अधिकारियों के तबादलों, तैनातियों, सीएलयू मामलों और ठेकों में भ्रष्टाचार के मुद्दे प्रवर्तन निदेशालय द्वारा अदालत में उठाए जा चुके हैं। उन्होंने गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह सेखों को आम आदमी पार्टी में शामिल किए जाने का आरोप लगाते हुए सरकार की अपराध और नशे के खिलाफ कार्रवाई पर सवाल उठाया। उन्होंने नशा विरोधी कार्यकर्ता मोहनजीत सिंह शेरों से कथित मारपीट तथा गुलजार सिंह की मौत के मामले का भी उल्लेख किया और सरकार पर लोकतांत्रिक विरोध को दबाने का आरोप लगाया।

श्री बादल ने कहा कि शिअद पंजाब की शांति, भाईचारे और 'सरबत दा भला' की विचारधारा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सत्ता में आने पर आटा-दाल योजना के तहत 50 किलो गेहूं चार रुपये प्रति किलो देने, शगुन योजना की राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये करने, वृद्धावस्था पेंशन 3,100 रुपये मासिक करने और अनुसूचित जाति छात्रवृत्ति योजना बहाल करने का वादा किया। उन्होंने पशुपालन परियोजनाओं पर 75 प्रतिशत सब्सिडी, युवाओं को उद्यमिता के लिए 10 लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण तथा दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य तय करने की भी घोषणा की।

वरिष्ठ अकाली नेता डॉ. दलजीत सिंह चीमा, सुखदीप सिंह सुकड़ और सरबजीत सिंह झिंझर और अन्य नेताओं ने सभा को संबोधित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित