लखनऊ , जून 28 -- आम आदमी पार्टी (आप) की छात्र इकाई आम आदमी स्टूडेंट विंग (एएसएपी) की उत्तर प्रदेश इकाई की संगठनात्मक बैठक रविवार को लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेशभर में छात्रों के मुद्दों पर आंदोलन तेज करने तथा जल्द नई प्रदेश कार्यकारिणी के गठन का निर्णय लिया गया।

बैठक की अध्यक्षता पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं छात्र विंग के उत्तर प्रदेश प्रभारी वंशराज दुबे ने की। इसमें विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में शिक्षा व्यवस्था, छात्र हितों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।

वंशराज दुबे ने कहा कि उत्तर प्रदेश का छात्र और युवा वर्ग अनेक समस्याओं से जूझ रहा है तथा सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति संवेदनशील नहीं है। उन्होंने कहा कि एएसएपी अब प्रदेशभर में छात्रों के मुद्दों पर संगठित और निर्णायक संघर्ष करेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं ने परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं और मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।

दुबे ने कहा कि समय पर छात्रवृत्ति नहीं मिलने से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के हजारों छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और कई विद्यार्थियों को आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई बीच में छोड़नी पड़ रही है। उन्होंने निजी और सरकारी शिक्षण संस्थानों में फीस वृद्धि पर चिंता जताते हुए सरकार से मनमानी शुल्क वृद्धि पर रोक लगाने और उच्च शिक्षा को सभी वर्गों की पहुंच में लाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि लाखों शिक्षित युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं और सरकार रोजगार उपलब्ध कराने के अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है। दुबे ने कहा कि एएसएपी प्रदेश के प्रत्येक कॉलेज, विश्वविद्यालय और जिले में अपने संगठन का विस्तार करेगी तथा छात्रों के अधिकार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर व्यापक जनजागरण अभियान चलाएगी। आवश्यकता पड़ने पर सड़कों पर उतरकर आंदोलन भी किया जाएगा।

बैठक के अंत में सर्वसम्मति से जल्द नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा करने और छात्रों व युवाओं के मुद्दों पर चरणबद्ध आंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित