नयी दिल्ली , मई 29 -- आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली में पानी की किल्लत को लेकर यहाँ मयूर विहार फेस दो स्थित जलबोर्ड कार्यालय के पास शुक्रवार को मटका फोड़ प्रदर्शन किया है।

कोंडली के विधायक कुलदीप कुमार के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने आज मयूर विहार फेस दो स्थित दिल्ली जल बोर्ड कार्यालय के बाहर मटका फोड़ प्रदर्शन किया। लोगों ने 'भाजपा सरकार निकम्मी है, दिल्ली को पानी दो' समेत तमाम नारे लगाकर और मटका फोड़कर अपना विरोध जताया।

इस दौरान श्री कुमार ने कहा कि भाजपा सरकार दिल्ली को एक इंजन के बराबर भी पानी नहीं दे पा रही है। भीषण गर्मी में मुख्यमंत्री और मंत्री एसी कमरों में बैठे हैं और जनता बूंद-बूंद पानी को तरस रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कोंडली के लोगों के साथ दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह के घर का घेराव करेंगे।

उन्होंने कहा कि हमारी मुख्यमंत्री से एक ही मांग है कि जहां-जहां पानी की किल्लत है, वे वहां का दौरा करें और इस समस्या को दूर करें। यूजीआर में पानी नहीं है। भाजपा ने चुनाव में डबल इंजन की बात की थी, अब तो चारों इंजन उनके पास हैं। अमीर लोग तो खरीदकर पानी पी लेंगे, लेकिन गरीब आदमी कहां से पानी पिएगा? भाजपा ने दिल्ली वालों से वादा किया था कि वे डबल पानी लाकर देंगे, लेकिन डबल तो छोड़िए, जो पानी केजरीवाल सरकार में दिल्ली को मिल रहा था, वह भी इस सरकार के पास नहीं है। आज दिल्ली में पानी का हाहाकार है तो ये प्रदूषण की बात कर रहे हैं। कल जब प्रदूषण पर हाहाकार होगा तो ये पानी की बात करेंगे।

उन्होंने कहा कि आज एक विधायक को जल बोर्ड के अधिकारियों से मिलने के लिए पुलिस की बैरिकेडिंग और पैरामिलिट्री फोर्स को पार करना पड़ रहा है। भाजपा ने लोकतंत्र का मजाक बना दिया है। इनके निकम्मे अफसर और मंत्री बाहर आकर जनता को जवाब क्यों नहीं देते कि पानी कब मिलेगा? ये जवाब नहीं देंगे क्योंकि यह सरकार केवल रील बनाने में व्यस्त है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित