बीजापुर , मई 27 -- छत्तीसगढ़ में बीजापुर जिले के जांगला थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान एक युवक की पत्थर से हमला कर हत्या कर दी गई।

पुलिस के अनुसार थाना जांगला क्षेत्र के ग्राम कोटमेटा आयतुपारा के पास रामलाल कारटम और लक्ष्मण आरकी के बीच विवाद हो गया था। विवाद के दौरान रामलाल कारटम ने पत्थर से लक्ष्मण आरकी के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि 25 मई को लक्ष्मण आरकी, रामलाल कारटम और मल्ला पोयामी मेला देखने फुल्लोड गए थे। मेले से लौटते समय कोटमेटा आयतुपारा के पास उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इसी बात को लेकर लक्ष्मण और रामलाल के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में हिंसक विवाद में बदल गई।

घटना की सूचना मिलने पर जांगला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रामलाल कारटम (32) निवासी मालेगुण्डा जैगुर थाना जांगला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन एवं निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पत्थर बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित