बैतूल , अक्टूबर 05 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में आपसी विवाद में एक जीजा ने अपने साले पर खौलता पानी डाल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
पीड़ित कुंअर लाल को मुलताई के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कुंअर लाल और उनके जीजा संतोष चौहान के बीच संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। कुंअर लाल का दावा है कि उन्होंने अपना पुराना मकान बेचकर नया मकान खरीदा था, लेकिन संतोष चौहान उन्हें वहां रहने नहीं देते। इसी विवाद के चलते कुंअर लाल पिछले डेढ़ साल से अपनी बहन और जीजा से नहीं मिले थे।
शनिवार शाम को कुंअर लाल अपनी बहन से मिलने उनके घर पहुंचे थे। इसी दौरान संतोष चौहान से उनका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर संतोष चौहान ने कुंअर लाल पर खौलता पानी डाल दिया। इस हमले से कुंअर लाल झुलस गए। आस-पड़ोस के लोगों की मदद से उन्हें तुरंत मुलताई शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, कुंअर लाल के दोनों पैर और हाथ गंभीर रूप से झुलस गए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अस्पताल प्रशासन ने इस घटना की सूचना मुलताई थाना पुलिस को दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित