बुरहानपुर , अक्टूबर 25 -- मध्यप्रदेश में बुरहानपुर जिले के नेपानगर थाना क्षेत्र के ग्राम मांडवा बोमल्यापाट में आपसी रंजिश के चलते एक व्यक्ति की कथित तौर पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य फरार हैं।
नेपानगर थाना प्रभारी शहाबुद्दीन कुरैशी ने बताया कि मृतक की पहचान सुखलाल पिता लालसिंग के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, हत्या के मामले में ध्यानसिंग, उसके बेटे राजेश, सलाम और सुभाष के नाम सामने आए हैं। आरोप है कि चारों ने मिलकर सुखलाल पर धारदार हथियार, लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया।
पुलिस ने ध्यानसिंग और राजेश को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सलाम और सुभाष की तलाश की जा रही है। घटना शनिवार रात की बताई गई है। मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित