नैनीताल , अप्रैल 14 -- उत्तराखंड में नैनीताल जिले में नशा और अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ''ऑपरेशन प्रहार'' के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर तस्कर को 129 नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने मंगलवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 13 अप्रैल को बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के गफूर बस्ती में निरीक्षक दिनेश फर्त्याल और कुमाऊं विशेष अभियान कार्य बल (एसओटीएफ) की संयुक्त टीम द्वारा जांच अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से 18 बुप्रेनॉर्फिन, 89 ट्रामाडोल और 22 एविल इंजेक्शन बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान महबूब उर्फ माकू (28) निवासी गफूर बस्ती, बनभूलपुरा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना बनभूलपुरा में मादक द्रव्य अधिनियम (एनडीपीएस) एक्ट की धारा 8/22 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले से एनडीपीएस अधिनियम , गुंडा एक्ट और अन्य धाराओं में छह मामले दर्ज हैं।
इसी अभियान के तहत पुलिस ने जिलेभर में सघन जांच भी की। पुलिस ने 107 संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया जबकि 41 असामाजिक तत्वों को हिरासत में लिया गया। यातायात नियमों के उल्लंघन पर 81 चालान किए गए, 14 वाहन सीज किए गए और 3 ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति की गई। नशे में वाहन चलाने के आरोप में 8 चालकों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा सुरक्षा के मद्देनजर 82 होटल, ढाबों और क्लबों की भी जांच की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ''ऑपरेशन प्रहार'' का उद्देश्य जनपद को नशामुक्त और अपराधमुक्त बनाना है तथा इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित