पटना , अप्रैल 30 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रदेश में हो रही आपराधिक घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए गुरुवार को सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दिये हैं कि हत्या सहित किसी भी आपराधिक घटना के 48 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ समय पर आरोप-पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया पूरी की जाए।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने राज्य कन्वेंशन हॉल में जिला अधिकारियों (डीएम) और पुलिस अधीक्षकों (एसपी) के साथ आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला एवं समीक्षा बैठक में कानून-व्यवस्था, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और जनसेवा वितरण की विस्तृत समीक्षा की और आपराधिक घटनाओं के मामले में त्वरित करवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

श्री चौधरी ने कहा कि आपराधिक मामलों में 12 से 13 दिनों के भीतर सभी आवश्यक कार्रवाई पूरी की जाना चाहिए, जिससे जनता को प्रशासन के सतर्क होने का स्पस्ट संकेत मिल सके। उन्होंने यह भी घोषणा की कि मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से प्रखंड, अंचल और थानों की रोजाना समयबद्ध निगरानी की जाएगी।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने पारदर्शिता और निगरानी बढ़ाने के लिए प्रखंड कार्यालयों, अंचल कार्यालयों और थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डीएम और एसपी का प्रभावी कामकाज जनप्रतिनिधियों पर शिकायतों का बोझ कम करता है और जनता को लाभ पहुंचाता है।

श्री चौधरी ने महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों से कहा कि "पुलिस दीदी" जैसे अभियानों को प्रभावी ढंग से लागू करने की आवश्यकता है, जिससे छात्राएं सुरक्षित सार्वजनिक स्थानों, स्कूल-कॉलेजों में आवागमन कर सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित