पटना , जुलाई 24 -- पदा के समय त्वरित और समन्वित चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पटना ने शुक्रवार को 'भिष्म क्यूब' के प्रस्तावित बहु-एजेंसी मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर टेबलटॉप अभ्यास आयोजित किया।इस अभ्यास में आपदा प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं से जुड़ी विभिन्न सरकारी एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को भिष्म क्यूब की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया तथा यह बताया गया कि आपदा और सामूहिक दुर्घटनाओं के दौरान गंभीर रूप से घायल मरीजों के इलाज में यह प्रणाली किस प्रकार प्रभावी भूमिका निभा सकती है। साथ ही, विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों और आपसी समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में हेल्थ इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर, बिहार सरकार की ओर से डॉ. रागिनी मिश्रा, नोडल पदाधिकारी,राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की ओर से डॉ. सी. बी. नारायण, गया नंद सिंह (फायर ऑफिसर), मोहम्मद अली अंसारी (यातायात विभाग), एस. बी. दुबे (सहायक प्रबंधक, अग्निशमन सेवाएं-विमानन), आदित्य (एयरपोर्ट अथॉरिटी), विशाल (एफ एंड सीएओ) सहित एम्स पटना एवं अन्य संबद्ध विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसके अलावा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल, स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन, बिहार पुलिस, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं तथा अन्य सहयोगी एजेंसियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित