पटना , सितंबर 03 -- बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग ने बाढ़ की आशंका को देखते हुए पटना और आसपास के इलाकों भोजपुर, नालंदा, सारण, वैशाली, लखीसराय, बेगूसराय और जहानाबाद के नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।जल संसाधन विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार पटना जिले में गांधी घाट तथा हाथीदह (मोकामा) में दिनांक 04 सितंबर दोपहर के समय गंगा नदी का जलस्तर उच्चतम जल स्तर को पार करने की संभावना है।
विभाग के अनुसार गंगा नदी के जलस्तर में संभावित वृद्धि एवं उससे उत्पन्न बाढ़ की स्थिति को ध्यान में रखते नदी के किनारे एवं निचले क्षेत्रों में निवास करने वाले नागरिकों से अपील की गई है कि वह पूर्ण सतर्कता एवं सावधानी बरतें तथा किसी भी प्रकार का जोखिम न लें।
आपदा प्रबंधन विभाग ने अपने निर्देश में कहा है कि नदी, घाट, तटबंध एवं निचले इलाकों में अनावश्यक रूप से नही जाएं।
बच्चों, बुजुर्गों तथा दिव्यांगजनों को नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखा जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित