जौनपुर , मई 15 -- उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने शुक्रवार को जौनपुर भ्रमण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विभाग अलर्ट मोड में कार्य करें और संभावित आपदाओं से निपटने के लिए पूरी तैयारी बनाए रखें। प्रभारी मंत्री निरीक्षण भवन पहुंचकर शासन-प्रशासन, सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर जिले की विभिन्न व्यवस्थाओं और वर्तमान स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि बीते दो दिनों में आए आंधी-तूफान का जिले में व्यापक प्रभाव नहीं पड़ा है। हालांकि कुछ स्थानों पर पेड़ गिरने से बिजली के खंभों और ट्रांसमिशन लाइनों को क्षति पहुंची है, जिन्हें संबंधित विभागों द्वारा लगातार ठीक कराया जा रहा है। प्रशासन को अब तक किसी प्रकार की जनहानि अथवा पशुहानि की सूचना नहीं मिली है।

इस दौरान श्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आंधी, तूफान, बारिश और ओलावृष्टि के मौसम को देखते हुए आपदा प्रबंधन टीम को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए, ताकि किसी भी संभावित स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। उन्होंने कहा कि यदि पूर्व तैयारियां मजबूत हों तो आपदा के समय नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इसलिए सभी विभाग सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

प्रभारी मंत्री ने आगामी बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए नगर क्षेत्रों में नाला-नालियों की सफाई, जल निकासी की समुचित व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत तथा साफ-सफाई के कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां कहीं कूड़ा-करकट, जलभराव या क्षतिग्रस्त सड़कें हों, उन्हें तत्काल दुरुस्त कराया जाए ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। बैठक में जनप्रतिनिधियों के अलावा प्रशासनिक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित