बैतूल , जून 18 -- मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि आध्यात्मिक जागृति जनजातीय समाज सहित पूरे समाज के सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम है। आध्यात्मिक चेतना और धार्मिक मूल्यों से व्यक्ति को उन्नत, संस्कारित एवं सम्मानपूर्ण जीवन जीने की प्रेरणा मिलती है।
श्री पटेल ने आज यहां आयोजित 'आध्यात्मिक जागृति द्वारा जनजातीय समाज का सशक्तिकरण' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना की और संस्था के सभी भाई-बहनों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संस्था आध्यात्मिक जागरण के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सराहनीय कार्य कर रही है।
राज्यपाल ने बताया कि उनका ब्रह्माकुमारी संस्था से वर्ष 1995 से आत्मीय जुड़ाव रहा है। नवसारी स्थित केंद्र से लेकर माउंट आबू और गांधीनगर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में उन्हें सहभागिता का अवसर मिला है।
उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि प्रतिदिन कुछ समय ध्यान और मेडिटेशन के लिए निकालने से मन को शांति, सकारात्मक ऊर्जा और आत्मिक संतुलन प्राप्त होता है। ऐसे आध्यात्मिक अभ्यास व्यक्ति और समाज दोनों को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित