फर्रुखाबाद , अप्रैल 14 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद के जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में डॉ. भीमराव अंबेडकर का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। श्री द्विवेदी ने मंगलवार को जिला मुख्यालय फतेहगढ़ स्थित जेएनवी तिराहे पर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा तथा कलेक्ट्रेट सभागार में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज के सभी वर्गों को समान अधिकार दिलाने के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके विचार आज भी समाज को समानता, न्याय और परस्पर बंधुत्व की दिशा में प्रेरित करते हैं।

उन्होंने अपील की कि सभी लोगों को बाबा साहब के साहित्य का अध्ययन करना चाहिए तथा उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए समाज में समरसता और सामाजिक न्याय को सुदृढ़ करना चाहिए। कार्यक्रम में अन्य अधिकारियों ने भी बाबा साहब के जीवन, उनके संघर्षों तथा भारतीय संविधान निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान का स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), जिला आबकारी अधिकारी सहित जनपद स्तरीय अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित