दरभंगा , जून 29 -- लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के सचेतक एवं दरभंगा के सांसद डॉ.गोपाल जी ठाकुर ने सोमवार को कहा कि केन्द्रीय विद्यालय l देश में उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करने वाला अग्रणी संस्थान है।केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक 3 (एम्स) के नए सत्र का शुभारंभ करते हुए सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में खुला केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-3 की स्थापना से स्थानीय विद्यार्थियों को आधुनिक, संस्कारयुक्त एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि इस केंद्रीय विद्यालय के उद्घाटन के साथ क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा का एक नया अवसर प्राप्त होगा जो जिले एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए वरदान साबित होगा।

सांसद ने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम एवं नवाचार की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने इस विद्यालय को शुरू करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और देश के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि इस विद्यालय के संचालन से इस क्षेत्र में शिक्षा का नया अलख जगेगा।

सांसद डॉ. ठाकुर ने केंद्रीय विद्यालय की महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि बिहार में पहले मात्र 16 केंद्रीय विद्यालय संचालित थे, लेकिन 2026 के बजट में 19 नए केंद्रीय विद्यालय की मंजूरी दी गई तथा उसके लिए 2135 करोड़ रुपए का आवंटन किया गया।

सांसद डा ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने 196 नए केंद्रीय विद्यालयों की स्वीकृति दी तथा अब देश स्तर पर लगभग 14 सौ केन्द्रीय विद्यालय संचालित है जो गर्व का विषय है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित