पटना , अक्टूबर 29 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को कहा कि आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचारों का प्रभावी उपयोग राज्य के विकास को नई गति देने के साथ शासन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और जनोन्मुखी बना सकता है।

मुख्यमंत्री ने वैज्ञानिकों और तकनीकी विशेषज्ञों से बिहार की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावहारिक तकनीकी समाधान विकसित करने और उन्हें धरातल पर लागू करने का आह्वान किया, जिससे आम लोगों, किसानों और प्रशासनिक व्यवस्था को इसका सीधा लाभ मिल सके।

श्री चौधरी ने आज पटना स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी में आयोजित दो दिवसीय 'स्पेस एप्लीकेशन एडॉप्शन वर्कशॉप-2026' को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने तथा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के लक्ष्य को हासिल करने के लिए विज्ञान, तकनीक और नवाचार को प्राथमिकता देना आवश्यक है।

इस कार्यशाला की थीम 'प्रशासन को सशक्त बनाना, प्रगतिशील बिहार के लिए अंतरिक्ष आधारित समाधानों का उपयोग' थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित