अलवर , जून 18 -- राजस्थान में अलवर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाश बुधवार को देर रात एक निजी कम्पनी का एटीएम उखाड़कर ले गये।

पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि देर रात बदमाश बाजार में लगे हिताची कंपनी के एटीएम के पास पहुंचे और कुछ ही देर में मशीन को उखाड़कर फरार हो गये। इतना ही नहीं, आरोपी अपने साथ वहां लगे सीसीटीवी कैमरे और रिकॉर्डिंग सिस्टम भी ले गये, ताकि उनकी पहचान नहीं हो सके। बदमाश उक्त एटीएम को पास ही एक पहाड़ी पर ले गये।

जानकारी के अनुसार एटीएम में करीब पांच लाख रुपये से अधिक की नकदी थी। सुबह घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस दल ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। पुलिस ने बताया कि बदमाशों ने पहले से रेकी कर रखी थी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस आसपास के मार्गों, टोल नाकों और संदिग्ध वाहनों की जानकारी जुटा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित