नयी दिल्ली , फरवरी 18 -- ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा भारत की पांच दिन की आधिकारिक यात्रा पर बुधवार को यहां पहुंचे। श्री सिल्वा एआई सम्मेलन में भाग लेने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भारत-ब्राज़ील रणनीतिक साझेदारी को सुदृढ़ करने पर वार्ता करेंगे जिसमें विशेष रूप से रक्षा, व्यापार, ऊर्जा, कृषि और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों पर विशेष जोर रहेगा। विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने राष्ट्रपति लूला का हवाई अड्डे पर स्वागत किया।
राष्ट्रपति लूला ने कहा कि वह एक महत्वपूर्ण एजेंडे के साथ भारत आए हैं जिसका उद्देश्य संबंधों को मजबूत करना, साझेदारियों को प्रगाढ बनाना और विश्व में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के भविष्य पर चर्चा करना है।
उन्होंने कहा, "नमस्ते, भारत! मैं एक महत्वपूर्ण एजेंडे के साथ एक और यात्रा पर पहुंचा हूं-संबंधों को मजबूत करने, साझेदारियों को गहरा करने और दुनिया में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के भविष्य पर चर्चा करने के लिए। हम अपने देशों के बीच अधिक सहयोग, नवाचार और अवसरों के लिए काम जारी रखे हुए हैं। भारत और ब्राज़ील घनिष्ठ और बहुआयामी संबंध साझा करते हैं, जिन्हें रणनीतिक साझेदारी तक उन्नत किया गया है और जो साझा वैश्विक दृष्टिकोण, लोकतांत्रिक मूल्यों और समावेशी विकास की प्रतिबद्धता पर आधारित हैं।"विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा है कि भारत और ब्राज़ील घनिष्ठ और बहुआयामी संबंध साझा करते हैं, जिन्हें रणनीतिक साझेदारी तक उन्नत किया गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति लूला की यह यात्रा भारत-ब्राज़ील साझेदारी को नई गति देगी।
यात्रा के दौरान ऊर्जा, नागरिक उड्डयन, महत्वपूर्ण खनिज और औषधि जैसे क्षेत्रों में कई समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार ब्राज़ील भारतीय पर्यटकों के लिए 10 वर्ष के बहु-प्रवेश वीज़ा शुरू करने तथा दोनों देशों के बीच व्यावसायिक वीज़ा नियमों में भी ढील देने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
दोनों देशों के बीच संयुक्त राष्ट्र को सशक्त बनाने और जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होगी, जिससे ग्लोबल साउथ के लिए साझा लक्ष्यों को मजबूती मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित