बैतूल , सितंबर 27 -- मध्यप्रदेश शासन के आदेश के करीब छह माह बाद भी बैतूल जिले के पात्र सहायक शिक्षकों एवं शिक्षकों को चतुर्थ क्रमोन्नत वेतनमान का लाभ नहीं मिल पाया है।
आदेश जारी करने की मांग को लेकर समग्र शिक्षक संघ ने रविवार को जिला स्तरीय समस्या समाधान शिविर में आज जिला शिक्षा अधिकारी पूनम वरकड़े को ज्ञापन सौंपा।
संघ के जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद साहू ने बताया कि सामान्य प्रशासन विभाग ने एक अप्रैल 2026 को चतुर्थ क्रमोन्नत वेतनमान से संबंधित आदेश जारी किया था। इसके तहत एक जुलाई 2023 या उसके बाद 35 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले पात्र शिक्षक संवर्ग के कर्मचारियों तथा संबंधित सेवानिवृत्त शिक्षकों को इसका लाभ दिया जाना है।
संघ का कहना है कि पात्र शिक्षकों को लाभ दिलाने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में करीब पांच बार ज्ञापन सौंपा जा चुका है। इसके बावजूद अब तक आदेश जारी नहीं होने से पात्र शिक्षक और सेवानिवृत्त कर्मचारी लाभ से वंचित हैं। संघ ने जल्द आदेश जारी कर लंबित प्रकरणों का निराकरण करने की मांग की।
जिला शिक्षा अधिकारी पूनम वरकड़े ने संघ के प्रतिनिधिमंडल को एक सप्ताह में चतुर्थ क्रमोन्नति के आदेश जारी करने का आश्वासन दिया।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद साहू, संभागीय महामंत्री ललित दीपके, जिला कोषाध्यक्ष बेनी प्रसाद सुरजाये, पेंशनर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष ए.आर. गायकवाड़, प्रेमलाल सुरजाये, श्रीनिवास पॉल, सुभाष डांगे और आर.एस. सोनी सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित