पिथौरागढ़ , मई 10 -- आदि कैलाश यात्रा सीजन के बीच स्थानीय टैक्सी यूनियन और व्यापारियों द्वारा 11 मई को प्रस्तावित चक्काजाम फिलहाल टल गया है।
जिला प्रशासन, परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन के साथ पीडब्ल्यूडी डाक बंगले में हुई बैठक के बाद यूनियन ने आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया। अधिकारियों ने बाहरी राज्यों से आने वाली टैक्सियों के खिलाफ जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बैठक में स्थानीय टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों ने बाहरी टैक्सियों के संचालन पर कड़ी नाराजगी जताई। यूनियन का कहना था कि बाहरी राज्यों के वाहन स्थानीय टैक्सी संचालकों, व्यापारियों और होमस्टे व्यवसाय से जुड़े लोगों के रोजगार को प्रभावित कर रहे हैं।
आदि कैलाश टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष ने बताया कि परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि आर्मी तिराहे और तवाघाट क्षेत्र में बाहरी टैक्सी चालकों के हिल लाइसेंस एवं अन्य दस्तावेजों की जांच की जाएगी। साथ ही प्राइवेट वाहनों द्वारा व्यावसायिक रूप से यात्रियों के परिवहन पर भी कार्रवाई होगी।
परिवहन महकमे की ओर से कहा गया कि संयुक्त टीम तवाघाट चौराहे पर बाहरी राज्यों से आने वाली टैक्सियों की सघन जांच करेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्राइवेट वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की जाएगी।
स्थानीय व्यापार मंडल ने भी प्रशासन से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद बाजार बंद का निर्णय भी फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित