पिथौरागढ़ , अक्टूबर 20 -- चीन सीमा से सटे उच्च हिमालयी क्षेत्र आदि कैलाश में 24 से 26 अक्टूबर तक होने वाली अल्ट्रा मैराथन 2.0 के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियों तेज़ कर दी है।
अल्ट्रा मैराथन की तैयारियों का जायजा लेने जिलाधिकारी आशीष भटगांई मंगलवार को गूंजी पहुंचे। उन्होंने छियालेख में हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि हेल्प डेस्क के माध्यम से आवश्यक सूचनाओं का आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जा सकेगा। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराने के लिए आपातकालीन संपर्क नंबर भी जारी किए जाएं, ताकि धावकों और अन्य संबंधित लोगों को जरूरत पड़ने पर तत्काल मदद मिल सके।
श्री भटगाईं ने धावकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। पूरे मैराथन मार्ग पर पर्याप्त संख्या में डॉक्टर और एंबुलेंस तैनात करने, इसके लिए स्थान चिह्नित कर डॉक्टरों की तैनाती सूची बनाने को कहा गया। स्नैक्स और हाइड्रेशन प्वाइंट स्थापित कर उनकी स्पष्ट मार्किंग करने और पर्याप्त वॉलंटियर्स तैनात करने के भी निर्देश दिए गए।
बीआरओ के अधिकारियों को मार्ग सुचारू और सुरक्षित रखने, मलबा, पत्थर या अन्य अवरोध समय से हटाने को कहा गया। इवेंट मैनेजर को धावकों के लिए टेंट, बैठने और ठहरने की व्यवस्था मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से करने तथा शौचालय और साफ-सफाई की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि व्यवस्थाओं में लापरवाही या समझौता बर्दाश्त नहीं होगा और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी।
उपजिलाधिकारी को सभी गतिविधियों की नियमित निगरानी करने और विभागों व आयोजन से जुड़े सभी पक्षों के साथ समन्वय कर काम समय से पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि अल्ट्रा मैराथन का आयोजन क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने और आदि कैलाश को पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। देश के दूर-दराज क्षेत्रों से धावक इसमें भाग लेने पहुंचेंगे, इसलिए हर धावक को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए, ताकि वह सुखद अनुभव लेकर लौटे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित