जशपुर , जुलाई 08 -- छत्तीसगढ़ में जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में आदिवासी मजदूरों को बंधक बनाकर निर्वस्त्र कर पीटने और जातिसूचक गालियां देने पर कृषि केंद्र संचालक सहित तीन लोगों के खिलाफ एससी एसटी अत्याचार अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
शिकायत में विल्सन तिर्की और आनंद कुजूर ने बताया कि गत तीन जुलाई को सुबह करीब नौ बजे उन्हें राहुल कृषि केंद्र बुलाया गया। वहां उनसे एक्सपायरी मक्का और धान बेचने तथा चोरी करने का आरोप लगाया गया। विरोध करने पर राहुल केसरी ने उन्हें मकान के अंदर ले जाकर मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि बाद में प्रियांशु केसरी और प्रेमचंद केसरी भी पहुंचे और तीनों ने मिलकर दोनों मजदूरों को निर्वस्त्र कर जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया तथा लात-घूंसों और थप्पड़ों से बेरहमी से पीटा।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि घटना का वीडियो भी बनाया गया। इसके बाद उन्हें घर से बाहर निकालकर फिर मारपीट की गई। विल्सन तिर्की का मोबाइल फोन और एक्टिवा स्कूटी की चाबी भी छीन लेने का आरोप लगाया गया है। मारपीट में विल्सन की आंख और कान में चोट आई, जबकि आनंद कुजूर की उंगली में चोट लगने की बात शिकायत में कही गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित