नागपुर , अगस्त 27 -- ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने नागपुर में प्रदर्शन कर रहे आदिवासी छात्रों को अपना पूरा समर्थन देते हुए छात्रावास सुविधाओं और छात्रों के अधिकारों के मुद्दे पर महाराष्ट्र सरकार को कटघरे में खड़ा किया है।
नागपुर के वसंतराव देशपांडे हॉल में आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए सुश्री बोरा ने आरोप लगाया कि सरकार आदिवासी छात्रों की समस्याओं को हल करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि छात्रों की शिकायतों का तुरंत समाधान किया जाए। इस दौरान उन्होंने आंदोलनकारी छात्रों से मुलाकात कर शिक्षा, हॉस्टल आवास और कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी उनकी समस्याएं सुनीं।
आंदोलन के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए सुश्री बोरा ने कहा कि न्याय और शिक्षा के समान अवसरों की इस लड़ाई में आइसा हमेशा छात्रों के साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने राज्य सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए उन विवादित सरकारी आदेशों को तुरंत वापस लेने की मांग की, जिनके कारण छात्रों के अनुसार उनके अधिकारों और हॉस्टल सुविधाओं पर बुरा असर पड़ रहा है।
गौरतलब है कि अपनी विभिन्न मांगों और कथित रूप से आदिवासी विरोधी निर्णयों के खिलाफ छात्र पिछले कई दिनों से नागपुर में प्रदर्शन कर रहे हैं। इस आंदोलन को विभिन्न छात्र संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का भी समर्थन मिल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित