धार , सितंबर 08 -- मध्यप्रदेश के धार जिले के आदिवासी अंचल में आजादी के बाद पहली बार नियमित यात्री रेल सेवा शुरू हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात के वडोदरा से टांडा रोड से प्रतापनगर वडोदरा के बीच मेमू यात्री ट्रेन सेवा का वर्चुअल शुभारंभ किया। टांडा रोड रेलवे स्टेशन पर केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने 12 कोच वाली मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वंदे मातरम की प्रस्तुति हुई। नियमित रेल सेवा शुरू होने को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों में उत्साह रहा और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में पहुंचे। प्रधानमंत्री द्वारा वर्चुअल उद्घाटन किए जाने पर लोगों ने तालियां बजाकर खुशी जताई। इस रेल सेवा से धार लोकसभा क्षेत्र के आदिवासी अंचल की गुजरात से कनेक्टिविटी सुगम होगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

टांडा रोड से प्रतापनगर के बीच मालगाड़ियों के परिचालन का भी प्रस्ताव है। टांडा रोड-वडोदरा नई रेल सेवा से मध्यप्रदेश और गुजरात के बीच रेल संपर्क और मजबूत होगा। इससे वडोदरा, छोटा उदयपुर और अलीराजपुर सहित आसपास के क्षेत्रों को लाभ मिलेगा। विद्यार्थियों को शिक्षा, व्यापारियों को नए बाजार, किसानों को परिवहन तथा युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने के साथ पर्यटन को भी गति मिलने की संभावना है।

इस अवसर पर जोबट-टांडा रोड नई रेल लाइन, वडोदरा-रतलाम तीसरी एवं चौथी रेल लाइन, मियागाम-करजन-चोरंदा-मालसर गेज परिवर्तन तथा विश्वामित्री-डभोई दोहरीकरण जैसी रेल परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया। इसके अलावा 30,700 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित किया गया तथा टांडा रोड-वडोदरा ट्रेन सेवा और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर चार नई मालगाड़ियों का शुभारंभ किया गया।

टांडा रोड में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आदिवासी अंचल में विकास की नई संभावनाएं तैयार हो रही हैं। रेल सेवा केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार, व्यापार, पर्यटन और समृद्धि के नए द्वार खोलने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि टांडा रोड से शुरू हुई पहली मेमू ट्रेन धार लोकसभा क्षेत्र के विकास की नई यात्रा का शुभारंभ है।

उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनजातीय समाज के उत्थान और प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि रेल सेवा से मध्यप्रदेश और गुजरात की कनेक्टिविटी बढ़ेगी तथा क्षेत्र में नए उद्योग और रोजगार के अवसर विकसित होंगे।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान, विधायक नीना विक्रम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार मेडा, भाजपा जिलाध्यक्ष चंचल पाटीदार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित