रांची , अक्टूबर 21 -- झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. अंसारी ने कहा कि भाजपा के कार्यों और नीतियों का हिसाब लोकतांत्रिक तरीके से लिया जाएगा।
डॉ अंसारी ने राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की लड़ाई को संविधान, लोकतंत्र और आम जनता के अधिकारों की रक्षा की लड़ाई बताया।
नारायणपुर प्रखंड के पहाड़पुर में आज ऐतिहासिक यात्रा कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मंत्री के आगमन की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में माता-बहनें और स्थानीय लोग कार्यक्रम में पहुंचे। पूरा आयोजन आदिवासी संस्कृति, परंपरा, नृत्य और सामाजिक एकता के रंग में रंगा नजर आया।
इस अवसर पर डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि आदिवासियों की पहचान, सभ्यता और संस्कृति झारखंड की आत्मा है। इसे किसी भी कीमत पर मिटने नहीं दिया जाएगा। भाजपा के नेताओं ने अपने शासनकाल में यात्रा जैसे पारंपरिक आयोजनों पर पाबंदियां लगाने की कोशिश की थी, लेकिन हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार आदिवासी समाज की पहचान और परंपराओं के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि यात्रा कार्यक्रम केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की गौरवशाली विरासत का प्रतीक है। यहां हजारों की संख्या में माता-बहनें और लोग जुटते हैं, पारंपरिक नृत्य देखते हैं, अपनी संस्कृति को समझते हैं और आने वाली पीढ़ियों तक अपनी परंपराओं को पहुंचाते हैं।
डॉ. अंसारी ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन के लिए अनुमति लेने और कथित तौर पर पैसे मांगे जाने की शिकायतें सामने आती थीं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यात्रा कार्यक्रम के आयोजन या अनुमति के नाम पर किसी थाना या पदाधिकारी द्वारा पैसे लेने की शिकायत मिली, तो मामले की जांच कराकर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। जनता को परेशान करने या अवैध वसूली करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
एसआईआर प्रक्रिया को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उनके अनुसार यह प्रक्रिया आम जनता को परेशान करने वाली है। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे-लंबे फॉर्म और जटिल प्रक्रियाओं के कारण आम नागरिकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता को सुविधाएं मिलनी चाहिए, न कि उसे अनावश्यक परेशानियों में उलझाया जाना चाहिए। कांग्रेस पार्टी जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
डॉ अंसारी ने निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ अंसारी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें इतनी बड़ी संख्या में लोगों के बीच आकर बेहद खुशी हुई। उन्होंने कहा, "आपका प्यार, आपका विश्वास और आपकी संस्कृति के प्रति आपका समर्पण ही हमारी ताकत है। मेरे रहते आपकी संस्कृति और परंपरा पर कोई आंच नहीं आने दी जाएगी। आपकी हर परेशानी मेरी परेशानी है। मैं आपके सम्मान, अधिकार और पहचान की रक्षा के लिए हमेशा खड़ा रहूंगा।"उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी माता-बहनों और स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया तथा आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखने के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राजनीतिक सलाहकार निशपती हांसदा, स्थानीय मुखिया, पूर्व मुखिया, मंच से जुड़े प्रतिनिधि, बीरबल अंसारी, फैयाज कैसर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित