नयी दिल्ली , मार्च 25 -- भारतीय और विदेशी व्यापारिक संस्थाओं के एक कंसोर्टियम ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) फ्रेंचाइजी का पूरा मालिकाना हक़ लगभग 16 हज़ार 660 करोड़ की राशि में हासिल कर लिया है। यह पूरी तरह से नक़द समझौता यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (यूएसएल) द्वारा घोषित किया गया, जिसके पास डब्ल्यूपीएल और आरपीएल में आरसीबी का मौजूदा मालिकाना हक है।
यूएसएल द्वारा जारी मीडिया रिलीज़ के अनुसार, उनके बोर्ड ने आदित्य बिड़ला ग्रुप, द टाइम्स ऑफ़ इंडिया ग्रुप, बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोन की स्थाई निजी इक्विटी रणनीति, बीएक्सपीई वाले कंसोर्टियम को फ्रेंचाइजी की ब्रिकी को मंज़ूरी दे दी है। इस डील के बाद यूएसएल ने कहा कि आईपीएल और डब्ल्यूपीएल दोनों आरसीबी टीम, जिसका संचालन उनकी सहायक रॉयल चैलेंजर्स स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड कर रही थी, वो अब इस समूह के स्वामित्व और संचालन में होंगी।
यह कितनी बड़ी रक़म है इसका अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि यह लखनऊ और अहमदाबाद की फ्रेंचाइजियों की कुल कीमत (12 हज़ार 715 करोड़ रुपए) से भी अधिक है, जिन्हें 2021 में बीसीसीआई ने बेचा था। संयोग से फ़रवरी 2026 में यह समूह बना भी नहीं था, जब कम से कम आठ निवेशकों को आरसीबी के लिए चिन्हित किया गया था।
पिछले नवंबर में शराब व पेय पदार्थों की दुनिया की दिग्गज कंपनी डियाजियो, जिसकी भारत में यूएसएल में हिस्सेदारी है, ने सेबी को बताया था कि वह आरसीबी में अपने निवेश की रणनीतिक समीक्षा कर रहा है। डियाजियो ने कहा था कि क्रिकेट कंपनी के लिए व्यापार का मुख्य हिस्सा नहीं है और 31 मार्च तक उसका लक्ष्य इस सौदे को पूरा करना है।
अब अगले क़दम के रूप में नए समूह को बीसीसीआई और कॉम्पिटिशन कमिशन ऑफ़ इंडिया (सीसीआई) से इस डील के लिए अनुमति लेनी होगी।
2008 में जब आईपीएल शुरू हुआ था तब आठ टीमों में बेंगलुरु की टीम दूसरी सबसे महंगी टीम थी और उसे विजय माल्या के मालिकाना हक़ वाले यूनाइटेड ब्रिउरीज़ लिमिटेड ने 111.6 मिलियन डॉलर में ख़रीदा था। 2023 में डब्ल्यूपीएल के मालिकों ने आरसीबी के लिए 901 करोड़ रुपए की बोली लगाई जो कि पांच टीमों में तीसरी सबसे महंगी टीम बन गई।
अपनी मीडिया रिलीज़ में मालिकाना हक़ हासिल करने वाले समूह ने बताया कि आर्यमान बिड़ला, जो कि मध्य प्रदेश के लिए बतौर बल्लेबाज़ खेल चुके हैं और आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा भी थे, वह इस नए मालिकाना समूह के अध्यक्ष, जबकि टाइम्स ऑफ़ इंडिया के सत्यम गजवानी उपाध्यक्ष होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित