मुंबई , अगस्त 10 -- शिवसेना (यूबीटी) विधायक आदित्य ठाकरे ने मुंबई-गोवा राजमार्ग का काम एक दशक से अधिक खिंचने को लेकर महाराष्ट्र सरकार की आलोचना की।
श्री ठाकरे ने सोशल मीडिया पर प्रशासन की खोखली समय-सीमाओं और लगातार अक्षमता का मजाक उड़ाते हुए तीखे व्यंग्य किए। श्री ठाकरे ने सरकार की प्रमुख ईंधन नीतियों पर कटाक्ष करते हुए कहा, "शायद अगर इस सड़क में इथेनॉल मिलाया गया होता, तो काम तेजी से पूरा हो जाता।" उन्होंने कहा, "पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने की बजाय, इसे इन गड्ढों में डाल दें... शायद वे सच में भर जाएं। वरना सिर्फ ठेकेदारों की जेबें ही भरती रहेंगी।"श्री ठाकरे ने लगातार कुप्रबंधन की ओर इशारा करते हुए कहा कि हर साल गणेशोत्सव से पहले मरम्मत और दिसंबर से पहले राजमार्ग का काम पूरा करने के वादे तो किए जाते हैं लेकिन हकीकत कुछ और ही है। राजमार्ग का निर्माण एक दशक से अधिक समय से खिंच रहा है, जिससे रोजाना आने-जाने वालों को खतरनाक और गड्ढों से भरी सड़कों का सामना करना पड़ता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित