अम्बिकापुर , मई 12 -- छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेस नेता आदितेश्वर शरण सिंहदेव ने मंगलवार को नीट यूजी 2026 परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं को युवाओं और अभिभावकों के साथ "विश्वासघात" करार दिया।

सिंह देव ने आज एक बयान में कहा कि 2024 में हुए विवादों और पेपर लीक प्रकरण के बाद भी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा संचालन व्यवस्था पूरी तरह आउटसोर्सिंग पर निर्भर हो गई है, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही प्रभावित हो रही है।

उन्होंने कहा कि सरगुजा जैसे आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र सीमित संसाधनों में परीक्षा की तैयारी करते हैं और बार-बार उत्पन्न हो रही अव्यवस्थाओं से उनके भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उन्होंने इसे "लाखों परिवारों की आशाओं पर आघात" बताया।

कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केवल जांच की घोषणा पर्याप्त नहीं है और पूरे एनटीए प्रणाली में व्यापक सुधार आवश्यक है। उन्होंने मांग किया कि मामले की समयबद्ध न्यायिक जांच कराई जाए तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

सिंह देव ने कहा कि जब तक इस मामले में नैतिक जिम्मेदारी तय नहीं होती, तब तक छात्रों को न्याय मिलना मुश्किल होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित