मोतिहारी , जून 06 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के आदापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और वह झारखंड में हत्या के एक मामले में करीब तीन वर्ष तक कारावास की सजा काट चुका है।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि आदापुर थाना क्षेत्र के हरकटवा गांव निवासी तबरेज आलम अपने घर में अवैध हथियार छुपा कर रखे हुए है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी की।

पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपी के कमरे से एक जिंदा कारतूस बरामद किया और पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर उसके पटीदार के घर के समीप छिपाकर रखा गया एक देशी कट्टा भी बरामद कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने बरामद हथियार और कारतूस को विधिवत जब्त करते हुए तबरेज आलम को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी का पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह झारखंड में दर्ज एक हत्या के मामले में लगभग तीन वर्ष तक जेल में रह चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित