नयी दिल्ली , अगस्त 10 -- राजधानी के आदर्श नगर से जम्मू-कश्मीर के बडगाम के बीच चलने वाली कार्गो पार्सल ट्रेन नियमित रूप से अपनी सेवाएं देती रहेगी।
उत्तर रेलवे ने सोमवार को बताया कि इस ट्रेन के परिचालन पर रोक नहीं लगायी गयी है। गौरतलब है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर यहां के पांच प्रमुख रेलवे स्टेशनों नयी दिल्ली, दिल्ली जंक्शन (पुरानी दिल्ली) , हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल और सराय रोहिल्ला पर सभी प्रकार के पार्सल और कार्गो बुकिंग पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी गयी है। रेलवे ने सुरक्षा के मद्देनजर 12 से 15 अगस्त तक माल की ढुलाई और बुकिंग पर रोक लगा दी है।
उत्तर रेलवे ने कहा कि कश्मीर के बडगाम से दिल्ली के आदर्श नगर के बीच कार्गो पार्सल ट्रेन चल रही है और इसे बंद नहीं किया गया है। सितंबर 2025 से यह नियमित सेवाएँ दे रही है और कश्मीर घाटी के किसानों तथा व्यापारियों के लिए बहुत फायदेमंद साबित हुई है। यह व्यवसायों, एग्रीगेटर और अन्य संबंधित लोगों के लिए किफायती, तेज़ और सुचारूआपूर्ति सुनिश्चित कर रही है। यह कश्मीर घाटी में व्यापार और वाणिज्य को बढ़ावा देने के भारतीय रेलवे के संकल्प को पूरा करने में अहम भूमिका निभा रही है।
गौरतलब है कि इस विशेष रैपिड कार्गो सेवा की शुरुआत मुख्य रूप से कश्मीरी सेब, चेरी, और अन्य स्थानीय उत्पादों को तेजी से बाजारों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए की गयी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित