अमेठी , अगस्त 14 -- उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम लिमिटेड के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त विश्वनाथ ने शुक्रवार को अमेठी जिले के चयनित आदर्श ग्रामों का स्थलीय निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एक आंगनबाड़ी केंद्र पर प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना का नाम अंकित नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार विश्वनाथ एक दिवसीय दौरे पर अमेठी पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने विकासखंड जगदीशपुर के ग्राम हसवां सुरवन में संचालित विकास कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र पर प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना का नाम अंकित नहीं पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल योजना का नाम प्रदर्शित कराने तथा उससे संबंधित फोटोग्राफ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उपाध्यक्ष ने शासन द्वारा चयनित आदर्श ग्रामों में विकासखंड गौरीगंज के बाहापुर, जगदीशपुर के हसवां सुरवन तथा जामों विकासखंड के कमालपुर और नाऊपुर गांवों का भी भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने यूपी सिडको, अमेठी द्वारा गैप फिलिंग योजना के तहत कराए गए विकास कार्यों की समीक्षा की और विभिन्न परियोजनाओं का स्थलीय सत्यापन कर उनकी प्रगति का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान बाहापुर, कमालपुर और नाऊपुर गांवों में कराए गए विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति संतोषजनक पाई गई। विश्वनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।
जिला समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना यादव ने बताया कि निरीक्षण का उद्देश्य आदर्श ग्रामों में संचालित विकास योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन करना तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम सुनिश्चित करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित