उज्जैन , जुलाई 15 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन के सदावल स्थित सक्षम आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास की सशक्त पाठशाला है, जहां उनके शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को सदावल स्थित स्वेज फार्म सक्षम आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र के अवलोकन एवं हितलाभ वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया, बच्चों से संवाद किया तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से पोषण आहार सप्ताह के अंतर्गत आयोजित पोषण प्रदर्शनी का अवलोकन कर उसकी सराहना की।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे का समग्र विकास सुनिश्चित करना है। इसी उद्देश्य से आंगनवाड़ी केंद्रों में पक्के भवन, आधुनिक फर्नीचर, खेल सामग्री, पोषण आहार, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण तथा प्रारंभिक शिक्षा जैसी सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) निधि से निर्मित इस आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उत्कृष्ट व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आंगनवाड़ी केंद्रों के उन्नयन और सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है, जिससे उनकी गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो रहा है।

डॉ. यादव ने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए राज्य सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी संचालन कर रही है, ताकि उन्हें बचपन से ही बेहतर पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा का वातावरण मिल सके। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों के साथ समय बिताया, उन्हें झूले झुलाए, बातचीत की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित