धार , अप्रैल 23 -- मध्यप्रदेश के धार जिले के धामनोद वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुजरी डेहरिया में आतंक मचाने वाले आदमखोर तेंदुए को वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर लिया है। तेंदुए ने एक दिन पहले पांच लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था।

वन विभाग के अनुसार तेंदुए को पकड़ने के लिए देर रात तक अभियान चलाया गया। जिस पाइप में तेंदुआ छिपा हुआ था, उसके एक सिरे को जेसीबी से बंद किया गया और दूसरे छोर पर पिंजरा लगाकर उसमें बकरी और मांस रखा गया। देर रात भूख के कारण तेंदुआ पिंजरे में घुसा और उसे सुरक्षित पकड़ लिया गया।

गुरुवार सुबह तेंदुए का चिकित्सकीय परीक्षण किया गया, जिसमें वह स्वस्थ पाया गया। इसके बाद उसे खंडवा जिले के ओंकारेश्वर वन परिक्षेत्र में सुरक्षित जंगल में छोड़ने की तैयारी की गई है।

उल्लेखनीय है कि धरमपुरी तहसील के इस गांव में तेंदुआ घनी बस्ती में घुस आया था और करीब एक घंटे तक गांव में घूमता रहा। इस दौरान उसने वनरक्षक दद्दू सिंह ठाकुर सहित महेश वास्केल, ग्यारसी लाल सोलंकी, कांताबाई राठौड़ और विकास डावर को घायल कर दिया था। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया।

हमले के बाद तेंदुआ एक पुलिया के नीचे पाइप में छिप गया था, जहां से वन विभाग की टीम ने उसे पकड़ने में सफलता हासिल की। डीएफओ विजय टी नाथम ने बताया कि तेंदुए का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है और उसे जल्द ही खंडवा के जंगल में छोड़ा जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित