बैतूल , मार्च 31 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के बोरदेही थाना क्षेत्र में पुलिस ने सूने मकान में चोरी करने वाले एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में 18 आपराधिक प्रकरण दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार नरेरा निवासी अभिराम कुमरे ने 30 मार्च को शिकायत दर्ज कराई थी कि अमन उर्फ चमन नामक युवक ने उसके घर से 20 हजार रुपए चोरी कर लिए। इस पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी मुलताई के मार्गदर्शन में थाना बोरदेही की टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी अमन उर्फ चमन (26), निवासी चुन्नीढाना गंज, को गिरफ्तार कर लिया।

जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ चोरी, नकबजनी, मारपीट, छेड़छाड़ और आर्म्स एक्ट सहित कुल 18 मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई राशि में से दो हजार रुपए बरामद किए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी रोसू उर्फ बारीक फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित