बैतूल , जुलाई 23 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की बोरदेही पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में मृतक की पत्नी, सास, ससुर और साले को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मर्ग जांच, गवाहों के बयान तथा मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट के आधार पर यह कार्रवाई की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना बोरदेही में मर्ग क्रमांक 06/2026 के तहत ग्राम मालेगांव निवासी 34 वर्षीय रघुनाथ यादव की मौत की जांच की जा रही थी। जांच के दौरान परिजनों के बयान दर्ज किए गए तथा अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया गया।

पुलिस के अनुसार विवेचना में सामने आया कि मृतक को उसकी पत्नी कौशल यदुवंशी, ससुर अर्जुन यदुवंशी, साला गुलाब यदुवंशी और सास रेखा यदुवंशी द्वारा लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। जांच में यह भी सामने आया कि 27 मार्च 2026 की रात घरेलू विवाद के दौरान मृतक के साथ मारपीट हुई थी, जिसके बाद वह मानसिक तनाव में रहने लगा था।

पुलिस ने बताया कि विवेचना के दौरान मिले सुसाइड नोट में मृतक ने कथित रूप से अपनी पत्नी, सास, ससुर और साले को आत्महत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया है। इसी आधार पर मर्ग जांच में एकत्र साक्ष्यों और गवाहों के कथनों के साथ थाना बोरदेही में अपराध क्रमांक 170/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 तथा 3(5) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में बोरदेही पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से पारिवारिक विवादों का समाधान संवाद और कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से करने तथा घरेलू हिंसा या मानसिक उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित