बैतूल , जुलाई 07 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में पैसों के लेन-देन को लेकर कथित प्रताड़ना के बाद एक युवक की आत्महत्या के मामले में सारणी पुलिस ने चौथे आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार चार मई 2026 को सारणी थाना क्षेत्र स्थित सुपर डी-358 में 36 वर्षीय रोहित विश्वकर्मा का शव फांसी पर लटका मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल से दो सुसाइड नोट, तीन पत्र और एक डायरी बरामद कर जब्त की गई थी।

जांच में सुसाइड नोट, अन्य दस्तावेजों तथा गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने पाया कि पैसों के लेन-देन को लेकर रोहित विश्वकर्मा को कथित रूप से लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि उसे झूठे प्रकरण में फंसाने और जान से मारने की धमकी भी दी गई थी, जिसके कारण उसने आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने इस मामले में कई आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 108, 308(5) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। इससे पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। मंगलवार को पुलिस ने चौथे आरोपी मयूर पाल (27) निवासी कोठी बाजार, बैतूल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित