रायबरेली , सितंबर 06 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली के मिल एरिया इलाके में एक महिला मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या करने के इरादे से शारदा नहर पहुंची जहां पुलिस और मिशन शक्ति टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे बचा लिया।
पुलिस सूत्रों से आज मिली जानकारी के अनुसार, थाना मिलएरिया पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला मानसिक तनाव के कारण शारदा नहर के पास आत्महत्या करने के उद्देश्य से पहुंची है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पूछताछ में पता चला कि महिला कानपुर नगर की रहने वाली है और रायबरेली में एक सरकारी बैंक में कार्यरत है तथा मानसिक तनाव से गुजर रही थी।
थाना मिलएरिया पुलिस एवं मिशन शक्ति टीम ने महिला से बेहद संवेदनशीलता के साथ बातचीत कर उसे समझाया-बुझाया और सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया। इसके बाद महिला को मिशन शक्ति केंद्र ले जाया गया, जहां तैनात महिला आरक्षी पूजा और 30 नंबर किरण भास्कर ने महिला से सहानुभूतिपूर्वक संवाद किया। उसकी समस्या को ध्यानपूर्वक सुना गया और उसकी काउंसलिंग की गई।
महिला को मानसिक रूप से मजबूत रहने, विपरीत परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने तथा जरूरत पड़ने पर पुलिस और मिशन शक्ति केंद्र से सहायता लेने के संबंध में जानकारी दी गई।
पुलिस ने महिला के परिजनों को भी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद उसके माता-पिता और रिश्तेदार थाने पहुंचे। महिला द्वारा अपने परिजनों के साथ जाने की इच्छा व्यक्त किए जाने पर उसे सकुशल उनके साथ भेज दिया गया।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी महिला या बालिका को मानसिक तनाव, पारिवारिक समस्या, असुरक्षा अथवा किसी अन्य परेशानी का सामना करना पड़ रहा हो तो वह बिना संकोच पुलिस अथवा मिशन शक्ति केंद्र से संपर्क करे। रायबरेली पुलिस महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सहायता के लिए सदैव तत्पर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित