कोंडागांव , सितंबर 24 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के पुंगारपाल थाना क्षेत्र में आत्मसमर्पित माओवादियों की निशानदेही पर सुरक्षा बलों ने जंगल-पहाड़ी क्षेत्र से चार किलोग्राम वजनी पाइप बम समेत विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद की है।
पुलिस ने गुरुवार को बताया कि आत्मसमर्पित माओवादियों से मिली जानकारी के आधार पर नक्सल सेल, जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी)/बस्तर फाइटर्स और बम डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीएस) की संयुक्त टीम को पुंगारपाल थाना क्षेत्र के तुमड़ीवाल, बोंडकापानी, डोंगरीपारा, जुनापानी, आलवाड़ और आसपास के जंगल-पहाड़ी क्षेत्रों में अभियान के लिए रवाना किया गया था।
अभियान के दौरान आलवाड़ के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर तलाशी और डी-माइनिंग अभियान चलाया। इस दौरान चार किलोग्राम वजनी एक पाइप बम, एक इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, 18 पेंसिल बैटरी सेल, सात लीटर क्षमता का एक कुकर और करीब 1.7 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित