ऋषिकेश , अक्टूबर, 01 -- त्तराखंड में ऋषिकेश के हरिश्चन्द्र गुप्ता आदर्श कन्या इंटर कॉलेज के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय नगर स्तरीय क्षेत्रीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का गुरुवार को पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज, आईडीपीएल के खेल मैदान में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में नगर क्षेत्र के आठ विद्यालयों के छात्र-छात्राएं विभिन्न खेल एवं एथलेटिक्स स्पर्धाओं में प्रतिभाग कर रहे हैं। उद्घाटन समारोह में ऋषिकेश नगर निगम के महापौर शंभू पासवान ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर महापौर ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से न केवल शारीरिक और मानसिक मजबूती मिलती है, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित