नरसिंहपुर , अगस्त 06 -- मध्यप्रदेश में नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र में आठ वर्षीय बालिका के कथित अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना ने गुरुवार को बताया कि कक्षा तीसरी में अध्ययनरत आठ वर्षीय बालिका का बुधवार दोपहर कथित रूप से अपहरण कर उसे जंगल ले जाया गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले आरोपी अन्नू यादव को चिन्हित कर बुधवार रात ही गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार बालिका के शव का पोस्टमार्टम जिला मुख्यालय में चिकित्सकों के दल द्वारा कराया गया। घटना के बाद गांव में सुरक्षा व्यवस्था के बीच बालिका का अंतिम संस्कार किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित