पटना, फरवरी 04 -- जनसुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने बुधवार को कहा कि 08 फरवरी से पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर बिहार भ्रमण पर निकलेंगे, जहां वे राज्य के विभिन्न जिलों में जनता से संवाद करेंगे।
श्री भारती ने आज यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बिहार चुनाव के बाद उनकी पार्टी मंथन के दौर से गुजर रही थी और अब श्री किशोर फिर से जनसंवाद के लिए प्रदेश के दौरे के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद श्री किशोर की पहली जनसंवाद यात्रा 08 फरवरी से शुरू होगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि श्री किशोर अपने बिहार भ्रमण के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में जनता से संवाद करेंगे और बजट एवं राज्य की मौजूदा परिस्थितियों पर उनकी राय भी लेंगे।
श्री भारती ने बिहार के हाल ही में प्रस्तुत 2026 -27 के बजट पर गहरी चिंता व्यक्त और कहा कि राज्य का बजट भाषण मात्र 11 मिनट 43 सेकंड में समाप्त हो गया, जो यह दर्शाता है कि सरकार बिहार के लोगों के प्रति कितनी गंभीर है।
इस दौरान जनसुराज के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरभ कुमार ने कहा कि सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में बजट कटौती की है, जबकि कल्याण योजनाओं पर खर्च बढ़ाकर 38 हजार करोड़ से 58,909 करोड़ रुपए कर दिया गया है।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि यह प्राथमिकताओं का गंभीर असंतुलन दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में सबसे कम फिस्कल डेफिसिट बिहार का है, बावजूद इसके राज्य पहले से ही 50 हजार करोड़ रुपए के कर्ज में है।
जन सुराज के नेताओं ने सरकार से पूछा कि अगले पांच वर्षों में बिहार में रोजगार और नौकरियां किस सेक्टर में सृजित की जाएंगी? उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में यदि केंद्र सरकार ने सहयोग से हाथ खींच लिए तो 12 प्रतिशत फिस्कल डेफिसिट के साथ बिहार अगले पांच वर्षों में आर्थिक रूप से दिवालिया होने की स्थिति में पहुंच सकता है।
जन सुराज के नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह बजट बिहार की वास्तविक जरूरतों और चुनौतियों का समाधान नहीं देता और पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर आगे भी मजबूती से आवाज उठाती रहेगी।
इस संवाददाता सम्मेलन को जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती और राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरभ कुमार के साथ मीडिया प्रभारी ओबैदुर रहमान ने भी संबोधित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित