नयी दिल्ली , सितंबर 24 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी के 'भाजपा को जाने' पहल के तहत गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में आठ देशों आर्मेनिया, मिस्र, वियतनाम, भूटान, सूरीनाम, फिलीपींस, अर्जेंटीना और ताजिकिस्तान के मिशन प्रमुखों तथा वरिष्ठ राजनयिकों के साथ संवाद किया और उन्हें भाजपा के संगठनात्मक ढांचे, उसके व्यापक जमीनी नेटवर्क और लोगों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने में कार्यकर्ता की भूमिका के बारे में जानकारी दी।

इस दौरान श्री नवीन ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे 'सेवा संकल्प अभियान' और जनसेवा को जनभागीदारी, अंत्योदय तथा विकसित भारत 2047 के लक्ष्य पर इसके केंद्रित रहने की जानकारी दी। उन्होंने अभियान के तहत देशभर में आयोजित की जा रही सेवा गतिविधियों का भी उल्लेख किया, जिनमें रक्तदान अभियान और स्वास्थ्य शिविर शामिल हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने बुनियादी ढांचे, कल्याणकारी योजनाओं की पहुंच, वित्तीय और डिजिटल समावेशन, उद्यमिता तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में हुई प्रगति को रेखांकित किया। उन्होंने मोदी सरकार के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के गरीबी से बाहर आने का भी उल्लेख किया और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच बढ़ाने में आयुष्मान भारत को एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों के साथ भारत के संबंधों को मजबूत करने और ऐसी साझेदारियां बनाने पर प्रधानमंत्री के जोर का भी उल्लेख किया, जो पारंपरिक सरकार-से-सरकार संबंधों से आगे बढ़कर लोगों के बीच संपर्क, कारोबारियों, छात्रों, प्रवासी भारतीय समुदायों, सांसदों और राजनीतिक दलों तक फैली हों।

इस संवाद में शामिल राजनयिकों ने श्री मोदी को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी और भाजपा के 'भाजपा को जानें' अभियान को पार्टी के संगठनात्मक ढांचे, कामकाज और जमीनी स्तर पर संपर्क को समझने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बताया।

इस संवाद में पंजाब से राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक, नयी दिल्ली से लोकसभा सांसद बांसुरी स्वराज और भाजपा के विदेश मामले विभाग के प्रभारी डॉ. विजय चौथाईवाले भी शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित