नयी दिल्ली , मई 23 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पेट्रोल के दाम में आठ दिन के भीतर तीसरी बार वृद्धि को लेकर सरकार पर निशाना साधा और कहा कि मौजूदा स्थिति को देखकर लगता है कि सरकार में नेतृत्व का संकट पैदा हो गया है जिसके कारण बार-बार ईंधन के दाम बढ़ाए जा रहे हैं।
श्री खरगे ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम रहने के दौरान सरकार ने जनता को राहत नहीं दी, बल्कि पेट्रोलियम उत्पादों पर भारी कर लगाकर लोगों पर बोझ डाला और अब संकट की स्थिति में भी सरकार आम लोगों को राहत देने के बजाय बार-बार और लगातार ईंधन की कीमतों में वृद्धि कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल-डीजल पर रोजाना लगभग 1000 करोड़ रुपये का केंद्रीय कर लगाया गया लेकिन जब अंतरराष्ट्रीय दाम कम थे तब जनता को उसका लाभ नहीं पहुंचाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित