अम्मान , सितंबर 06 -- जॉर्डन, संयुक्त अरब अमीरात, इंडोनेशिया, पाकिस्तान, तुर्की, सऊदी अरब, कतर और मिस्र ने गाजा पट्टी से फलस्तीनियों को विस्थापित करने संबंधी इजरायली मंत्रियों इतामार बेन-ग्विर और इजरायल काट्ज के हालिया बयानों की कड़ी निंदा की है।

विदेश मंत्रियों ने रविवार को एक संयुक्त बयान में कहा कि फलस्तीनियों को उनकी जमीन से जबरन विस्थापित करने की किसी भी योजना या प्रयास को स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि इसे आधिकारिक नीति या ठोस कदम का रूप देना अंतरराष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का गंभीर उल्लंघन होगा तथा क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता के प्रयासों को नुकसान पहुंचाएगा।

उन्होंने कहा कि गाजा पट्टी अधिकृत फलस्तीनी क्षेत्र का अभिन्न हिस्सा है और गाजा, पश्चिमी तट तथा पूर्वी यरुशलम की क्षेत्रीय एकता बनाए रखी जानी चाहिए।

इन देशों ने दो-राष्ट्र समाधान के प्रति समर्थन दोहराते हुए कहा कि स्थायी और न्यायपूर्ण शांति का एकमात्र रास्ता चार जून 1967 की सीमाओं के आधार पर पूर्वी यरुशलम को राजधानी बनाकर स्वतंत्र फलस्तीनी राष्ट्र की स्थापना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित