धाराशिव , अक्टूबर 17 -- केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने महाराष्ट्र सरकार से संकटग्रस्त किसानों के लिए दिवाली सहायता राशि को 5,000 रुपये से बढ़ाकर 15,000 रुपये करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में सूखे की मौजूदा स्थिति और कृषि समुदाय के सामने आ रहे वित्तीय संकट को देखते हुए यह राशि नाकाफी है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कुछ दिनों पहले मौजूदा सूखे के संकट से प्रभावित किसानों के लिए 5,000 रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा की थी। श्री आठवले ने कहा कि सूखे के कारण किसानों को गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें दिवाली मनाने के लिए अधिक मदद की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वह राहत राशि में बढ़ोतरी की मांग को लेकर मुख्यमंत्री फडणवीस से मुलाकात करेंगे।
उन्होंने इस स्थिति से समान रूप से प्रभावित कृषि मजदूरों के लिए भी पर्याप्त वित्तीय सहायता दिए जाने की मांग की। श्री आठवले ने राज्य सरकार से किसानों और खेत मजदूरों दोनों के वित्तीय संकट पर विचार करने तथा सहायता बढ़ाने पर सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।
इस बीच, ऑल इंडिया किसान सभा के महासचिव डॉ. अजीत नवले ने राज्य सरकार की घोषणा की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि 5,000 रुपये की सहायता नमो शेतकरी महासम्मान योजना के तहत देय किस्तों की कीमत पर दी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित