नरसिंहपुर , फरवरी 23 -- जिले के सुआतला थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मजदूरी करने जा रहे करीब दस लोग एक छोटा हाथी वाहन में सवार थे। सुबह के समय ओवरब्रिज पर वाहन अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही सुआतला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल नरसिंहपुर पहुंचाया गया, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित