पटना , अक्टूबर 11 -- बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सभी घटक दलों पर तीखा हमला बोला और भाजपा पर आरोप लगाया कि, 'वह आज भी मनुस्मृति की उस सोच में जकड़ी हुई है, जिसमें महिलाओं को ताड़न का पात्र बताया गया और दलितों को कोई स्थान नहीं दिया गया है।

बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने ये बातें शनिवार को पटना में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहीं।

प्रदेश अध्यक्ष श्री राम ने शुक्रवार को दिल्ली में घटी एक घटना का जिक्र करते हुये कहा कि, 'तालिबान के विदेश मंत्री के संवाददाता सम्मेलन के दौरान महिला पत्रकारों को सभाकक्ष में प्रवेश से रोक दिया गया जो बेहद चौंकाने वाला और शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि तालिबान जैसी सोच भारत में बिल्कुल अस्वीकार्य है।'उन्होंने कहा कि, 'यह केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं है, बल्कि यह देश के मूल्यों से जुड़ा गंभीर विषय है। भाजपा की विचारधारा में आज भी वही मनुवादी सोच जीवित है जो सामाजिक न्याय और समानता के खिलाफ है। भारत में महिलाओं का सम्मान सर्वोपरि है। कोई विदेशी प्रतिनिधि आकर हमारे संविधान और सामाजिक मूल्यों का अपमान करे यह हम सहन नहीं कर सकते।'कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष श्री राम ने पूछा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री खुद कभी कहते हैं 'यह तालिबान नहीं है, लेकिन जब सचमुच तालिबानी मानसिकता का परिचय भारत में मिलता है, तब भाजपा और उनके सहयोगी दल चुप क्यों रहते हैं?'उन्होंने इस पूरे प्रकरण पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और जीतन राम मांझी से जवाब मांगा और कहा कि, 'इनकी चुप्पी यह साफ करती है कि इनके दिमाग में कुछ और और मुंह पर कुछ और होता है।'राजेश राम ने इस मुद्दे को महिलाओं और दलितों के सम्मान से जोड़ते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हर उस सोच का विरोध करती है जो समानता और सम्मान के मूल्यों के खिलाफ है।

संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दूबे, मीडिया प्रभारी राजेश राठौर, प्रवक्ता आसित नाथ तिवारी समेत कई नेता उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित