कोलकाता , मार्च 08 -- मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग की पूर्ण पीठ दो दिवसीय दौरे पर रविवार शाम पश्चिम बंगाल पहुंचेगी। इस दौरान आयोग राज्य के अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ कई बैठकें करेगा।

सूत्रों के अनुसार, आधिकारिक बैठकों से पहले मुख्य चुनाव आयुक्त कालिघाट काली मंदिर जा सकते हैं। उनके बेलूर मठ जाने की भी संभावना जतायी गयी है।

राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने मंदिर दर्शन की योजना के बारे में जानकारी होने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि यदि मुख्य चुनाव आयुक्त का कोई निजी कार्यक्रम होगा तो वे वहां जा सकते हैं।

दौरे के दौरान चुनाव आयोग वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, जिला मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक करेगा। इसके अलावा बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) के साथ संवाद और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से चर्चा भी प्रस्तावित है।

यह दौरा राज्य में जारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बीच हो रहा है। यह प्रक्रिया 27 अक्टूबर 2025 से शुरू हुई थी, उस समय राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या 7,66,37,529 थी।

प्रारूप सूची जारी होने के बाद 58,20,899 मतदाताओं के नाम सूची में नहीं पाए गए। राज्य में 28 फरवरी को जारी अद्यतन सूची के अनुसार कुल मतदाताओं की संख्या अब 7,04,59,284 हो गयी है।

चुनाव आयोग के अनुसार फॉर्म-7 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के आधार पर 5,46,053 नाम मतदाता सूची से हटाये गये हैं। करीब 60 लाख मतदाताओं के मामलों की अभी भी जांच चल रही है। पर्यवेक्षकों की नजर इस बात पर है कि मुख्य चुनाव आयुक्त मंगलवार की प्रेस वार्ता में इन लंबित मामलों और संभावित चुनाव कार्यक्रम पर क्या कहते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित